अंडर-17 बालक/बालिका जिला कुश्ती चैंपियनशिप का भव्य समापन एवं पुरस्कार वितरण
विजेता पहलवानों को प्रदेश व राष्ट्रीय स्तर तक पहुँचाने का संकल्प

खेल, अनुशासन और परंपरा की त्रिवेणी को साकार करते हुए जिला कुश्ती संघ, झाँसी के तत्वावधान में आयोजित अंडर-17 बालक/बालिका जिला कुश्ती चैंपियनशिप का आज गरिमामय समापन मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स स्टेडियम स्थित जिम्नास्टिक हॉल में भव्य पुरस्कार वितरण समारोह के साथ सम्पन्न हुआ। जिला कुश्ती चैम्पियनशिप संरक्षक रामतीर्थ सिंघल एम एल सी अध्यक्ष के मार्ग दर्शन में मनमोहन गेड़ा के नेतृत्व में में, आयोजन अध्यक्ष बैदेही शरण सरावगी की अध्यक्षता में तथा मुख्य अतिथि अनुराधा शर्मा (समाज सेविका), विशिष्ट अतिथि रोहित पाण्डेय — कोषाध्यक्ष, उत्तर प्रदेश बॉक्सिंग संघ एवं कृष्ण पाल सिंह (प्रभारी क्रीड़ा अधिकारी) के सान्निध्य में समापन समारोह एवं पुरस्कार वितरण अत्यंत प्रेरणादायी वातावरण में सम्पन्न हुआ। पूर्व दिवस फ्री-स्टाइल, ग्रीको रोमन तथा बालिका वर्गों के दस-दस भार वर्गों में हुए मुकाबलों से फाइनल राउंड में पहुँचे पहलवानों के मध्य आज निर्णायक कुश्तियां खेली गयी। रेफरी मनीष यादव द्वारा सभी मुकाबलों का निष्पक्ष, अनुशासित एवं तकनीकी दृष्टि से उत्कृष्ट निर्णय किया गया। अखाड़े में आत्मविश्वास, रणनीति और खेल भावना का अनुपम संगम देखने को मिला।आज सभी भार वर्गों के विजेता पहलवानों को मुख्य अतिथि द्वारा शील्ड एवं मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया तथा सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। परिणाम संक्षेप में—
45 किग्रा : अंशुल देव प्रजापति चिरगाँव से विजेता और सागर उपविजेता
48 कि. ग्राम लक्ष्य साहू विजेता
नीतेश कुशवाहा उपविजेता
51 कि. ग्राम प्रिंशिका विजेता
55 किग्रा : जयपाल हंसारी विजेता
शौर्य यादव उपविजेता
60 किग्रा : अनमोल अहिरवार विजेता
जयवीर बाल्मीकी उपविजेता
71 किग्रा : राजदीप वर्मा विजेता
70 कि.ग्राम अनिरूद्घ चिरगाँव विजेता
देव राजपूत उपविजेता
80 कि.ग्राम : अनुराग यादव चिरगाँव विजयी रहे
बालिका वर्ग—
61 कि. ग्राम तमन्ना विजेता
65 कि. ग्राम सृष्टि सैनी
69 किग्रा : वेदिका पुरोहित विजयी रहे
72 कि. ग्राम मेघा विजेता रही
कुश्ती संघ के संरक्षक रामतीर्थ सिंघल ने अपने वक्तव्य में संघ की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा— “हमारा एकमात्र उद्देश्य है कि झाँसी की मिट्टी से निकली प्रतिभाएँ प्रदेशीय और राष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान बनाएं। हमारी संस्था का एक ही लक्ष्य है—झाँसी की धरती से निकली प्रतिभाओं को प्रदेशीय, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुँचाना। विशिष्ट अतिथि रोहित पाण्डेय ने अपने उद्बोधन में कहा प्रशिक्षण, अवसर और अनुशासन—इन्हीं तीन स्तंभों पर हम भविष्य के पहलवानों की नींव रख रहे हैं।” मनमोहन गेड़ा ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला कुश्ती संघ, झाँसी की ओर से बालक एवं बालिका वर्ग के सभी भार वर्गों के विजेता पहलवानों को बनारस में 7 से 9 फरवरी तक आयोजित उत्तर प्रदेश अंडर-17 कुश्ती चैंपियनशिप में प्रतिभाग हेतु भेजा जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि बनारस में आयोजित प्रांतीय प्रतियोगिता में विजयी रहने वाले पहलवान आगामी राष्ट्रीय कुश्ती चैंपियनशिप में प्रतिभाग कर जनपद झाँसी एवं प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे। मुख्य अतिथि श्रीमती अनुराधा शर्मा ने अपने उद्बोधन में कहा कि खेल केवल विजय का माध्यम नहीं, बल्कि चरित्र, धैर्य और अनुशासन की पाठशाला है। कुश्ती जैसे परंपरागत खेल युवा पीढ़ी को मानसिक और शारीरिक रूप से सशक्त बनाते हैं। उन्होंने सभी विजयी एवं प्रतिभागी पहलवानों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि निरंतर अभ्यास, अनुशासन और समर्पण से ये खिलाड़ी एक दिन राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश और अपने शहर का नाम रोशन करेंगे। कार्यक्रम का संचालन संयुक्त रूप से संघ के सचिव सुंदर ग्वाला और के डी गुप्ता ने किया। समारोह में रेखा यादव (कृष्णा फाउंडेशन चेयरमैन), जमुना प्रसाद कुशवाहा (संचालक, झरना अखाड़ा), उपाध्यक्ष, रामकुमार यादव, सैमुअल पीटर, सूरज यादव, दीपक यादव (फौजी), जितेन्द्र राय (फौजी),प्रेम यादव, राघवेन्द्र, रमन पहलवान, नंदलाल यादव, मयंक अग्रवाल, एडवोकेट विजय खरे, राम सिंह सिकौरिया, बलराम गुप्ता ,बी पी नायक, हरिओम पाण्डेय, बृजेंद्र यादव सहित अनेक पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अंत में अशोक अग्रवाल (पीएनबी) एवं संदीप यादव ने संयुक्त रूप से सभी आगंतुकों, अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।


